देवरिया। तरकुलवा क्षेत्र के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुअवा बजराटार के बच्चों ने अयोध्या में आयोजित राज्यस्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और सिल्वर मेडल हासिल किया है। बच्चों की इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

अयोध्या के डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में नौ से 11 मार्च तक राज्यस्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में महुअवा बजराटार विद्यालय के छात्रों ने भी हिस्सा लिया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि खेल शिक्षक प्रफुल्ल कुमार ओझा और चंद्रशेखर गुप्ता के मार्गदर्शन में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 10 मार्च को आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में बालक वर्ग में पांचवीं कक्षा के विनय और अभय तथा छठवीं कक्षा के आर्यन ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल जीता।

वहीं बालिका वर्ग में पांचवीं कक्षा की राज नंदिनी, खुशी और प्रीति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया।

बुधवार को जब विजेता बच्चे गांव लौटे तो विद्यालय के शिक्षकों और ग्रामीणों ने गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।