देवरिया। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में बीमारी से परेशान एक युवक ने नदी किनारे पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह नदावर पुल के पास पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत सलेमपुर के वार्ड नंबर पांच हरैया लाला वार्ड निवासी 35 वर्षीय झबर राजभर, पुत्र राजकुमार राजभर मंगलवार की दोपहर घर से निकले थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
बुधवार सुबह नदी किनारे भैंस चरा रहे चरवाहों ने नदावर पुल के पास एक पेड़ से युवक को फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना आसपास के लोगों और परिजनों को दी गई।
परिजनों के अनुसार झबर राजभर पिछले करीब दो वर्षों से लीवर की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। बीमारी के कारण वह पिछले डेढ़ महीने से काफी परेशान रहते थे और रात में ठीक से सो भी नहीं पाते थे।
झबर राजभर चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके तीन बेटे अमन, करन, अर्जुन और एक बेटी काजल है। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी जानकी देवी और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।
कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि युवक का शव नदी किनारे पेड़ से लटका मिला है। परिजनों के अनुसार वह बीमारी से परेशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
