देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

घटना बरांव-मोहरा मार्ग स्थित बरांव डीह की है, जहां गुरुवार सुबह करीब 19 वर्षीय काजल का शव गांव की हरिजन बस्ती के पास एक व्यक्ति के घोठे पर मिला। शव जमीन पर पड़ा था, जबकि झोपड़ी के अंदर गमछे का फंदा लटका हुआ मिला है, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और कई लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।

परिजनों के मुताबिक, युवती की शादी अगले महीने मई में तय थी, जिससे परिवार गहरे सदमे में है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आगे की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी।