देवरिया में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन में 02 मार्च 2026 को यातायात प्रभारी श्री गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा वाहनों की सघन जांच की गई। जिन ई-रिक्शा के पास वैध कागजात पाए गए, उन पर नंबरिंग की प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं गोरखपुर रोड, भटवलिया और बस स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों पर सड़क किनारे वाहन खड़ा कर सवारी भरने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना फिटनेस, बिना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के चल रहे ई-रिक्शा वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और सीज की कार्रवाई की गई।

पूरे अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कुल 121 वाहनों का ई-चालान किया, जबकि 6 वाहनों को सीज किया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित होता है, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आती है और वाहन चालकों को यह स्पष्ट संदेश जाता है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई तय है।