देवरिया जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपदीय पुलिस ने व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया, जिसमें अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी सलेमपुर, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर तथा थाना लार पुलिस बल के साथ थाना लार क्षेत्र के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पैदल गश्त की गई।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से होली को भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही लोगों को अफवाहों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक महुआडीह अमित कुमार राय के नेतृत्व में थाना महुआडीह क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च थाने से शुरू होकर कस्बा महुआडीह, रामपुर गौनरिया, हेतिमपुर, हरैया बसंतपुर, भटनी दादन और पकड़ी बीरभद्र सहित विभिन्न स्थानों से होते हुए पुनः थाने पर समाप्त हुआ।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखना, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखना और जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करे। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
