देवरिया, 07 जनवरी। लोकसभा क्षेत्र 71 सलेमपुर के अंतर्गत आयोजित विधायक खेल स्पर्धा में विजेता रहे खिलाड़ियों और टीमों को अब सांसद खेल स्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिलेगा। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन मल्हना मलहनी स्पोर्ट्स स्टेडियम, भाटपार रानी, देवरिया में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा के तहत विधानसभा स्तर पर कुल आठ खेल विधाओं में विभिन्न आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जूडो, कुश्ती और बैडमिंटन शामिल हैं। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।

कार्यक्रम के अनुसार वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन और कुश्ती की प्रतियोगिताएं 08 जनवरी को आयोजित की जाएंगी। वहीं कबड्डी, एथलेटिक्स, भारोत्तोलन और जूडो की प्रतियोगिताएं 09 जनवरी को प्रातः 09 बजे से प्रारंभ होंगी। खेल प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों से समय पर पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।