देवरिया, 07 जनवरी। अटल आवासीय विद्यालय सहजनवा, गोरखपुर में कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश के लिए परीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह अवसर श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों तथा कोविड-19 से अनाथ हुए उन बच्चों के लिए है, जो महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत हैं या मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित छात्र-छात्राओं को पूरी तरह निःशुल्क, सीबीएसई पैटर्न पर आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी। विद्यालय में स्मार्ट क्लास, खेलकूद की सुविधाएं, हाईटेक प्रयोगशालाएं और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया गया है। इस योजना का उद्देश्य श्रमिकों और अनाथ बच्चों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षा देना है।
पात्रता की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत वे श्रमिक, जिन्होंने 30 नवंबर 2025 तक न्यूनतम तीन वर्ष की सदस्यता पूरी कर ली है, अपने अधिकतम दो बच्चों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कक्षा 6 के लिए आयु 1 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 के बीच तथा कक्षा 9 के लिए आयु 1 मई 2011 से 31 जुलाई 2013 के बीच होनी चाहिए।आवेदन पत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय, विकास भवन देवरिया, बेसिक शिक्षा विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय और जिला प्रोबेशन कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। भरे हुए आवेदन पत्र 31 जनवरी 2026 तक जमा होंगे। प्रवेश पत्र 7 फरवरी 2026 से उपलब्ध होंगे और प्रवेश परीक्षा 22 फरवरी 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने पात्र अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समय पर आवेदन करें।
