देवरिया: जिले की पुलिस ने सिम बॉक्स के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल कॉल में बदलकर चलाए जा रहे अवैध एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया है। इस तरह की तकनीक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानी जाती है।
रामगुलाम टोला निवासी तेजनारायण सिंह, जो 2015 से 2022 तक मॉरीशस में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत था, वहीं दो बांग्लादेशी युवकों—आदिल अहमद और समीर—के संपर्क में आया। उन्होंने उसे सिम बॉक्स के जरिए महंगी अंतरराष्ट्रीय कॉल को लोकल में बदलकर अवैध कमाई का तरीका बताया। भारत लौटने पर तेजनारायण को कोलकाता भेजकर सिम बॉक्स, बड़ी संख्या में सिम कार्ड और उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसके बाद उसने देवरिया स्थित अपने घर में पूरा सेटअप तैयार कर लिया।
व्हाट्सएप के माध्यम से लिंक, यूजर आईडी और पासवर्ड मिलने के बाद सिम बॉक्स सक्रिय होकर वीओआईपी अंतरराष्ट्रीय कॉल को सामान्य भारतीय कॉल में बदल देता था, जिससे कॉलर की लोकेशन और पहचान पूरी तरह छिप जाती थी। नेटवर्क ट्रेस कर पुलिस ने तेजनारायण को गिरफ्तार किया और साइबर थाने की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि ऐसी तकनीक का उपयोग ठगी, जालसाजी और अन्य साइबर अपराधों में आसानी से किया जा सकता है। मामले की गहन जांच जारी है, और पुलिस ने बताया कि पूरी पड़ताल के बाद ही वास्तविक नेटवर्क और संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।