आज़ाद नगर वार्ड निवासी 62 वर्षीय किसान गुलाब सोनकर की बुधवार सुबह पोखरी में डूबने से मौत हो गई। वे रोज की तरह भोर में करीब चार बजे टहलने निकले थे, लेकिन सुबह देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू की।
दोपहर करीब 12 बजे पूर्वी बाईपास स्थित एक लाइब्रेरी के पीछे पोखरी में उनका शव उतराता मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुलाब सोनकर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पांच पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनमें से दो बच्चों की शादी अभी नहीं हुई है। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है।
