आगामी होली पर्व और पवित्र रमजान माह को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए देवरिया जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता आयुक्त गोरखपुर मंडल अनिल ढींगरा तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि होली और रमजान के दौरान संवेदनशील तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। त्योहारों को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी तथा सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने कहा कि त्योहार सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हैं, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और शांति समिति के सदस्यों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने निर्देश दिया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें और आवश्यक कदम उठाएं।
बैठक में जिलाधिकारी देवरिया, पुलिस अधीक्षक देवरिया सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी और समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि होली और रमजान के त्योहार को शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
