देवरिया में होली के बाद महानगरों को लौटने वाले यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। मुंबई और दिल्ली जैसे शहरों के लिए जाने वाली ट्रेनों में सीटों की भारी कमी हो गई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार अगले करीब 60 दिनों तक अधिकांश ट्रेनों में सीटें फुल हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।

रेलवे काउंटर और ऑनलाइन आरक्षण में भी लंबी वेटिंग चल रही है। मजबूरी में बड़ी संख्या में यात्री जनरल डिब्बों या रिजर्वेशन कोच के दरवाजों पर खड़े होकर यात्रा करने को विवश हैं।

देवरिया, सलेमपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के लिए मुंबई, दिल्ली, सूरत सहित अन्य महानगरों में काम करते हैं। होली के त्योहार पर घर आए ये लोग अब वापस लौट रहे हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ काफी बढ़ गई है। स्पेशल ट्रेनों में भी टिकट के लिए मारामारी देखी जा रही है।

देवरिया खास निवासी शुभेन्दु और विशुनपुरा निवासी संपूर्णानंद ने बताया कि उन्हें मुंबई जाना है, लेकिन चार मई से पहले किसी ट्रेन में टिकट नहीं मिल रहा है। वहीं इटहुरा निवासी मनसा मिश्र और रामनाथ देवरिया निवासी रामेश्वर पांडेय ने बताया कि उन्हें कानपुर और दिल्ली जाना है, लेकिन किसी भी ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।

स्टेशन अधीक्षक के अनुसार दिल्ली और मुंबई के लिए चलने वाली ट्रेनों के स्लीपर क्लास में चार मई से पहले कोई भी बर्थ खाली नहीं है।