रंगों के त्योहार से पहले ट्रेनों में यात्रियों की बेशुमार भीड़ उमड़ पड़ी है। घर पहुंचने की जल्दी में लोग जोखिम उठाकर लटककर यात्रा कर रहे हैं। मंगलवार को देवरिया रेलवे स्टेशन पर सामान्य और स्लीपर कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कई यात्री गेट पर लटके दिखे तो कुछ शौचालय में बैठकर सफर करने को मजबूर रहे।
दिल्ली और बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनें पहले से भरी हुई पहुंचीं, जिससे यात्रियों को चढ़ने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। पाटलीपुत्र ट्रेन में कुछ यात्री भटनी जाने के लिए चढ़ गए, लेकिन सिवान रुकने की जानकारी पर अफरातफरी में चलती ट्रेन से उतर गए।
वैशाली एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, गोरखपुर-छपरा एक्सप्रेस दो घंटे 20 मिनट और पाटलीपुत्र ट्रेन करीब दो घंटे विलंब से चली। देरी और भीड़ के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
