oplus_0

देवरिया: ह्यूमाना ने स्वास्थ्य सेतु प्रोजेक्ट का जिला स्तरीय समापन किया

देवरिया। ह्यूमाना पीपल टू पीपल इंडिया द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेतु प्रोजेक्ट के तहत गुरुवार, 16 जनवरी 2026 को देवरिया के पार्थ होटल में एक जिला स्तरीय डिसेमिनेशन मीटिंग का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में प्रोजेक्ट के कार्य, उपलब्धियों, सीख और चुनौतियों को साझा करना रहा।

कार्यक्रम में CMO इंचार्ज डॉ. एस.के. सिंह, ACMO डॉ. अजय शाही, DCPM डॉ. राजेश कुमार गुप्ता, BCPM, MOIC, ASHA प्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। ह्यूमाना पीपल टू पीपल इंडिया की ओर से प्रोग्राम मैनेजर सुब्रत मोहंती तथा नेशनल पार्टनरशिप ऑफिसर चंदन वर्मा ने सहभागिता की।

मीटिंग के दौरान ब्लॉकवार आंकड़ों, गतिविधियों और प्राप्त परिणामों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। PPT के माध्यम से प्रोजेक्ट की उपलब्धियों को साझा किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। कुछ महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए, जिससे समुदाय स्तर पर प्रोजेक्ट के सकारात्मक प्रभाव को स्पष्ट रूप से देखा गया।

ASHA, ANM, CHO, BCPM और MOIC सहित कुल 130 प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और फील्ड लेवल पर स्वास्थ्य सेतु प्रोजेक्ट के प्रभाव की जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर ACMO डॉ. अजय शाही सहित अन्य अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेतु प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए टीम को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी और इस पहल को आगे भी जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

स्वास्थ्य सेतु प्रोजेक्ट का उद्देश्य कम सेवा वाले समुदायों में महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की समय रहते पहचान को बढ़ावा देना है। देवरिया जिले में फरवरी से नवंबर 2025 के बीच लागू इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 383 गांवों की 1,04,857 महिलाओं तक पहुंच बनाई गई। इस दौरान 360 हाई-रिस्क महिलाओं को आगे की जांच के लिए जोड़ा गया, जबकि 6 मामलों को उपचार से लिंक किया गया।

प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन के लिए सेतु स्वास्थ्य टीम ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में इसे अन्य जिलों तक विस्तार देने की प्रतिबद्धता जताई।