देवरिया के आईटीआई परिसर में सोमवार को आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में सेवा और संवेदना का अनोखा दृश्य देखने को मिला। भारत सरकार की एडीआईपी (ADIP) एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 1631 दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को कुल 2.17 करोड़ रुपये की लागत से 2033 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और यह कार्यक्रम उसी संकल्प का प्रतीक है।
शिविर में मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन सहित कई सहायक उपकरण लाभार्थियों को दिए गए, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और सुविधा बढ़ेगी।
प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह और कैबिनेट मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर जोर दिया।
वहीं, सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी और सलेमपुर सांसद रामशंकर विद्यार्थी ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में पारदर्शिता के लिए क्यूआर कोड और फोटो सत्यापन की व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में प्रशासन की चुस्त व्यवस्था देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया, जिससे यह शिविर वास्तव में सेवा और संकल्प का प्रतीक बन गया।
