ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोज़गार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम ने बताया कि RSETI (रूरल सेल्फ एम्प्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट) देवरिया द्वारा 21 दिसंबर 2025 को उत्पाद प्रदर्शनी एवं बिक्री मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला प्रातः 9:30 बजे से आर.सेटी पुरुषोतमपुर परिसर में, डुमरी चौराहा से लगभग एक किलोमीटर पहले आयोजित होगा।
इस मेले में RSETI से प्रशिक्षित कैंडिडेट्स एवं पंजीकृत स्वयं सहायता समूह (SHG) के सदस्य अपने उत्पादों और सेवाओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री कर सकेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्वरोज़गार को बढ़ावा देना और प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष मार्केटिंग का अनुभव प्रदान करना है।
मेले में हस्तशिल्प, हस्तनिर्मित सामग्री, पैक्ड एवं घरेलू खाद्य उत्पाद, सिलाई-कढ़ाई एवं रेडीमेड वस्त्र, कृषि आधारित उत्पाद सहित अन्य स्वरोज़गार से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों को पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा और खाद्य उत्पादों के लिए स्वच्छता व पैकेजिंग नियमों का पालन करना होगा।
पंजीकरण एवं जानकारी के लिए आर.सेटी देवरिया के निदेशक विशाल गुप्ता के मोबाइल नंबर 9451330003 पर संपर्क किया जा सकता है। यह मेला नए उद्यमियों के लिए आय सृजन और आत्मनिर्भर बनने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।
