भोरे (गोपालगंज)। गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के डोमनपुर पंचायत के खरपकवा शर्मा टोली में शनिवार की रात बारात के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि सिवान से राजेश शर्मा के घर पर बारात आई थी, जहां स्टेज पर नर्तकी के साथ एक युवक हाथ में पिस्टल लहराते हुए हर्ष फायरिंग करता हुआ दिख रहा है।
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि युवक नर्तकी के साथ डांस कर रहा है और इस दौरान उसने कई बार हवाई फायरिंग की। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
इस घटना को लेकर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवक की पहचान की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
