आज दिनांक 23 जून 2025 को जिला पदाधिकारी गोपालगंज श्री पवन कुमार सिन्हा (भा०प्र०से०) द्वारा नगर परिषद कार्यालय, गोपालगंज का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं, जिसपर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के क्रम में सबसे पहले उपस्थिति पंजी की जांच की गई। पंजी में कई खामियाँ पाई गईं तथा कई कर्मियों की उपस्थिति अनियमित पाई गई। इसके अतिरिक्त कार्यालय में कार्यरत सभी सहायकों की कर्म पुस्तिका एवं अन्य प्रशासनिक पंजियों की भी गहन जांच की गई, जो संतोषजनक नहीं पाई गईं।

विशेष रूप से यह तथ्य चौंकाने वाला रहा कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण पंजी तक तैयार नहीं किया गया था, जबकि आगामी निरीक्षण की तिथि उन्हें पूर्व में ही 15 दिन पहले सूचित की जा चुकी थी। इस लापरवाही को जिला पदाधिकारी ने गंभीरता से लिया और संबंधित पदाधिकारी को कड़ी चेतावनी दी।

जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा (भा०प्र०से०) ने कड़े शब्दों में कहा कि कार्यालयी अनुशासन और कार्यसंस्कृति में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगली बार भी इस प्रकार की अनियमितता पाई गई तो कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, निरीक्षण के दौरान उपस्थित कर्मियों द्वारा आगामी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने का आश्वासन दिया गया। इसे ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी ने पुनः निरीक्षण के लिए 16 जुलाई 2025 की तिथि निर्धारित की है।
इस निरीक्षण के अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अजय कुमार भी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी द्वारा उठाया गया यह कदम स्थानीय निकायों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
आगामी निरीक्षण में सुधार की अपेक्षा के साथअधिकारीगण को उनके कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का स्पष्ट संदेश दिया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *