पथरदेवा क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का तरकुलवा पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक सहित कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच बैटरियां, एक इनवर्टर, एक इलेक्ट्रिक टुल्लू मोटर, दो एलईडी टीवी, एक हैंडपंप, चोरी में प्रयुक्त उपकरण और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी और थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने 22 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर मलघोल विरैचा गांव के बाहर बाग से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल शाह, प्रेमकुमार, उपेंद्र उर्फ गुच्चू, रोहित और एक नाबालिग शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में कबाड़ बीनने के बहाने गांवों में घूमकर सुनसान घरों और स्कूलों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और चोरी का सामान बेचकर आपस में पैसे बांट लेते थे।
पुलिस की पूछताछ और निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया है। गौरतलब है कि 7 फरवरी को सिधावे निवासी रिंकू देवी के घर और 14 मार्च को पिपरा बघरा महुआरी स्थित नेशनल कॉन्वेंट चिल्ड्रेन स्कूल में चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनमें मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
