फरेंदा क्षेत्र में रविवार को जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और उपचार लिया। बदलते मौसम के कारण इस बार मेले में सबसे अधिक बुखार, खांसी और सर्दी-जुकाम से पीड़ित मरीज पहुंचे।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा दूबे में सुबह 11:30 बजे सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद और डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. सीबी पांडेय 37 मरीजों का उपचार कर चुके थे। मरीज दर्शी (24) एक महीने से तेज बुखार से पीड़ित थे, वहीं अंकुर और प्रेमलता खांसी की शिकायत लेकर पहुंचे। जोखन (62) को उच्च रक्तचाप की समस्या थी। इसके अलावा अर्जुन, रामसागर और रीना को त्वचा संबंधी समस्याएं थीं। सभी को जांच के बाद दवाएं दी गईं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोक विद्या पीठ नगर में 26 मरीजों का उपचार फार्मासिस्ट अरुण चतुर्वेदी द्वारा किया गया। यहां जगदीश (50) को बुखार और खांसी, मालती (55) को दाद-खाज और पवन (21) को सर्दी-जुकाम की शिकायत रही। हरीलाल (82) भी बुखार से पीड़ित थे। सभी मरीजों को दवा के साथ गर्म पानी पीने की सलाह दी गई।
लेजार महदेवा स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर दुर्विजय और फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह ने मरीजों का इलाज किया। शिवकुमार (4) को बुखार, मंशा (45) को ब्लड प्रेशर और बाबूलाल (60) को शुगर की समस्या पाई गई।
डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने बताया कि जिले भर में आयोजित आरोग्य मेले में कुल 1652 मरीजों की जांच की गई, जिनमें अधिकांश सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित पाए गए।
