जनपदीय पुलिस द्वारा 19 अक्टूबर 2025 को पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से कार्यालय, थानों, चौकियों और पुलिस लाइन परिसर में वृहत स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर पूरे परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के तहत वाहनों को क्रमवार व्यवस्थित किया गया, अभिलेखों और अन्य संसाधनों को सुव्यवस्थित किया गया। परिसर में लगे पेड़-पौधों की छंटाई, सूखे पत्तों की सफाई और खर-पतवार की निराई की गई, जिससे परिसर का रूप निखर उठा। साथ ही कार्यालयों के फर्नीचर और उपकरणों की भी पूरी तरह सफाई कर उनका रख-रखाव सुनिश्चित किया गया।

इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस सामूहिक प्रयास से पुलिस परिसर की सुंदरता में अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिली।