गोपालगंज। विधानसभा चुनाव को लेकर स्वीप कोषांग की पहल पर सरकारी स्कूलों में मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को हथुआ विधानसभा क्षेत्र के फुलवरिया प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सवनही पट्टी में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच स्लोगन लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने मतदान को लेकर प्रेरणादायक संदेश दिए। “पहले मतदान, फिर जलपान” और “मतदान आपका अधिकार, लोकतंत्र की यही आधार” जैसे नारों ने सबका ध्यान खींचा।

विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों से कहा कि वे अपने अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करें और 6 नवंबर को लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी सुनिश्चित करें। अंत में प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।