बघौचघाट। कंचनपुर–बघौचघाट मेन मार्ग पर हनुमानगंज चौराहे से कुछ दूरी पर बृहस्पतिवार को बड़ा हादसा हो गया। अचानक सड़क पर आई नीलगाय के टेंपो पर कूद जाने से टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार तरकुलवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पथरदेवा कस्बा निवासी राधेश्याम मद्धेशिया (32) पुत्र अवध नारायण मद्धेशिया बृहस्पतिवार को देवरिया से सवारियां छोड़कर टेंपो से वापस पथरदेवा लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो कंचनपुर–बघौचघाट मार्ग पर हनुमानगंज चौराहे से आगे पहुंचा, अचानक एक नीलगाय सड़क पार करते हुए टेंपो पर कूद गई।
नीलगाय के टकराने से टेंपो असंतुलित हो गया और चालक राधेश्याम गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही तरकुलवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए सीएचसी पथरदेवा भेजवाया।
पुलिस के अनुसार घायल चालक का इलाज जारी है और मामले की जानकारी संबंधित विभागों को दी गई है।
