देवरिया / रामपुर कारखाना। देवरिया–कसया मार्ग पर बैकुंठपुर गांव के सामने बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने सामने से बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। टक्कर के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के भुजौली कॉलोनी निवासी हर्षित राव (22) पुत्र सदाशिव राव और बघौचघाट क्षेत्र के खैराट गांव निवासी आर्यन सिंह (19) पुत्र राजेश सिंह बुधवार रात करीब 9:30 बजे बाइक से डुमरी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बैकुंठपुर पेट्रोल पंप से कुछ दूरी आगे पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा और रामपुर कारखाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। बताया गया कि हर्षित के पिता सदाशिव राव ठेकेदारी का कार्य करते हैं, जबकि आर्यन के पिता राजेश सिंह कोचिंग पढ़ाते हैं।

इस संबंध में अभिषेक कुमार राय ने बताया कि बस की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया था, जहां उनकी मौत हो गई। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।