भागलपुर। सरयू नदी के भागलपुर पुल पर बृहस्पतिवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आर्केस्ट्रा में काम करने वाली युवती ने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने युवती को रोते-बिलखते देखा और तत्काल भागलपुर पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवती को सुरक्षित चौकी ले आए।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने बताया कि वह लखनऊ की निवासी है और खुखुन्दू थाना क्षेत्र के मुसैला चौराहे स्थित एक आर्केस्ट्रा में कार्य करती है। परिजनों से हुए विवाद और नाराजगी के चलते वह मानसिक तनाव में थी, इसी कारण वह भागलपुर पुल तक पहुंच गई। युवती ने यह भी बताया कि भागलपुर कस्बे का एक युवक उसे जानता है।

पुलिस ने युवती को समझा-बुझाकर उसके परिचित युवक को चौकी बुलाया। आवश्यक पूछताछ और काउंसलिंग के बाद युवती को सुपुर्दगी में उक्त युवक के साथ सुरक्षित भेज दिया गया।

इस संबंध में राकेश सिंह ने बताया कि राहगीरों की सतर्कता और समय पर मिली सूचना से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस द्वारा युवती को समझाकर सुरक्षित परिजनों/परिचित के सुपुर्द कर दिया गया है।