देवरिया। Uttar Pradesh Madhyamik Shiksha Parishad की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा में करीब डेढ़ महीने का समय शेष है, ऐसे में कम समय में अधिक से अधिक रिवीजन करना छात्र-छात्राओं के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया के भौतिकी प्रवक्ता गोविंद सिंह ने इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान की प्रभावी तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
प्रवक्ता ने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई कर छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी में सबसे अहम भूमिका समय प्रबंधन की होती है। विद्यार्थियों को पूरे पाठ्यक्रम को छोटे-छोटे खंडों में विभाजित कर प्रतिदिन के अध्ययन का लक्ष्य तय करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में बहुविकल्पीय, अति लघु, लघु एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाते हैं, इसलिए सभी प्रकार के प्रश्नों का अभ्यास आवश्यक है। पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों को निर्धारित समय सीमा में हल करने से आत्मविश्वास बढ़ता है। जहां प्रश्न में चित्र या रेखाचित्र की आवश्यकता हो, वहां उसे अवश्य बनाएं।
भौतिकी के महत्वपूर्ण टॉपिक जैसे परमाणु संरचना, प्रकाश विद्युत प्रभाव, व्यतिकरण व विवर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रत्यावर्ती धारा, गौस का नियम, किरचॉफ का नियम, विद्युत धारा का चुंबकीय प्रभाव और विद्युत प्रेरण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।
प्रवक्ता ने कहा कि नियमित अभ्यास, स्वयं के नोट्स बनाना, मॉडल प्रश्न पत्र हल करना और कठिन प्रश्नों पर विषय अध्यापक से मार्गदर्शन लेना सफलता की कुंजी है। साथ ही उन्होंने परीक्षा के दौरान तनाव न लेने, खान-पान व स्वास्थ्य का ध्यान रखने की भी अपील की।
