रुद्रपुर। गोनाह सुरतपुरा गांव निवासी मनीष तिवारी (40) की मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। बृहस्पतिवार को गांव के ही एक व्यक्ति से हुए विवाद में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। विवाद के दौरान हुई मारपीट में मनीष तिवारी के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। घायल अवस्था में उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चंद्र मोहन मिश्रा के खिलाफ हत्या के प्रयास का अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में हरिराम यादव ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
