देवरिया जिले के बरहज-भलुअनी क्षेत्र के बढ़या फुलवरिया गांव में होली के दिन कुछ शरारती तत्वों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ मनबढ़ युवकों ने काली मंदिर के पास हंगामा करते हुए मंदिर की खिड़कियों को तोड़ दिया।
ग्रामीणों के अनुसार होली के दिन कुछ युवक काली मंदिर के पास इकट्ठा होकर हो-हल्ला करने लगे और उत्पात मचाने लगे। इसी दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में तोड़फोड़ भी की, जिससे मंदिर में लगी खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद गांव में खलबली मच गई और लोग इस घटना को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ की घटना से गांव में असंतोष का माहौल बन गया है।
हालांकि भलुअनी थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि अभी तक यह मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। अगर इस संबंध में शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
