देवरिया जिले के सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर बुधवार दोपहर एक ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार दो युवक और ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ठेंगवल तिवारी गांव निवासी मनीष (26) पुत्र नारायण खरवार और उरदौली गांव निवासी सोनू (24) पुत्र सुनील विश्वकर्मा किसी काम से बाइक से सलेमपुर जा रहे थे। इसी दौरान सलेमपुर-नवलपुर मार्ग पर सामने से आ रही ई-रिक्शा से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और ई-रिक्शा दोनों सड़क किनारे पलट गए। हादसे में बाइक सवार मनीष और सोनू के साथ ई-रिक्शा चालक बिहार के पूर्णिया जिले के मोंगा थाना क्षेत्र निवासी धर्मेंद्र (28) पुत्र स्व. योगेंद्र रिद्धी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक कोई शिकायती पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। फिलहाल घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
