गोपालगंज। बरौली थाना क्षेत्र के बरौली सीएचसी के समीप सोमवार की देर रात दो ट्रकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक खलासी की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बरौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव निवासी राम बहादुर बिन के रूप में हुई है। वह दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का खलासी बताया जा रहा है। घटना के समय ट्रक चालक और अन्य लोग किसी तरह बच निकले, लेकिन खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल सीएचसी बरौली में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ट्रक आमने-सामने से तेज रफ्तार में आ रहे थे। सीएचसी के पास अचानक हुई भीषण टक्कर से एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए।
पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतक के गांव और परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
