गोपालगंज।।जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने और आपातकालीन प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने हेतु जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन कार्यालय कक्ष में किया गया।
बैठक में सैन्य अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई हेतु व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में जनहानि को रोकने एवं न्यूनतम क्षति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन हर संभव पूर्व तैयारी कर रहा है। उन्होंने सैन्य अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, राहत एवं बचाव कार्यों के त्वरित निष्पादन और संसाधनों की तत्पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
समीक्षा के मुख्य बिंदु:
बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरंतर सर्वेक्षण और खतरे के पूर्वानुमान हेतु सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश।
तटबंधों की नियमित निगरानी और कमजोर स्थलों की मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अभियंताओं को निर्देशित किया गया।
राहत शिविरों की स्थापना, पीने के पानी, चिकित्सा सुविधा, भोजन एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की पूर्व व्यवस्था करने का निर्देश।
आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में सहयोग के लिए सैन्य बलों से समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी।
सभी अंचल अधिकारियों एवं आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था सक्रिय रखने का निर्देश।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि आपदा की घड़ी में सेना, एनडीआरएफ, सिविल प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर तालमेल ही त्वरित और प्रभावी बचाव कार्य की कुंजी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल के तहत मॉक ड्रिल आयोजित करने और जनजागरूकता अभियानों को तेज करने पर भी जोर दिया।
बैठक में कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमोद कुमार सहित सैन्य दल के प्रतिनिधि नायब सूबेदार उमेश कुमार 299 फील्ड रेजिमेंट रांची एवं अमन कुमार ठाकुर आदि उपस्थित थे।

