थावे (गोपालगंज)। सदर कोर्ट, गोपालगंज में पेशी के बाद चनावे मंडलकारा के गेट पर तलाशी के दौरान दो कैदियों के पास से चार मोबाइल और चार डाटा केबल बरामद हुए हैं। इस मामले में प्रभारी मंडलकारा उपाधीक्षक मिथलेश कुमार ने दोनों कैदियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रभारी मंडलकारा उपाधीक्षक ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि 17 मार्च को सदर कोर्ट, गोपालगंज में पेशी के बाद शाम को नंबर बंदी के दौरान मंडलकारा के अंदर ले जाने के क्रम में ड्यूटी पर तैनात कक्षपाल मनीष कुमार और पुलिस केंद्र, गोपालगंज से प्रतिनियुक्त सिपाही मनोज सिंह ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान महमदपुर थाना के बंजरिया गांव के सुमेश दत प्रियदर्शी के पास से तीन मोबाइल और तीन डाटा केबल तथा उसी गांव के मंजीत कुमार के पास से एक मोबाइल और एक डाटा केबल बरामद हुआ।
प्रभारी उपाधीक्षक ने इस मामले को गंभीर मानते हुए दोनों कैदियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल और डाटा केबल जेल के अंदर कैसे पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *