मांझागढ़ प्रखंड के कर्णपुरा पंचायत में सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्रों पर अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम आईसीडीएस के तहत पोषण पखवाड़ा के अवसर पर आयोजित किया गया, जो 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक जिले में मनाया जा रहा है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती रंजना कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिशुओं के उचित पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के दौरान छह माह तक के बच्चों के लिए केवल स्तनपान और उसके बाद घर के बने पौष्टिक आहार देने की जानकारी दी गई।
अन्नप्राशन कार्यक्रम में विशेष रूप से पुरुष सहभागिता पर जोर दिया गया। बच्चों के घर के पुरुष सदस्यों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित कराया गया, ताकि परिवार के सभी सदस्य बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बताया गया कि छोटे बच्चों के खान-पान और देखभाल में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। कटोरी फीडिंग के माध्यम से बच्चों को घर का बना संतुलित आहार देने पर बल दिया गया।
इस मौके पर आईसीडीएस की टीम, महिला पर्यवेक्षिका और सेविकाएं मौजूद रहीं। साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी जानकारी प्राप्त की।
यह कार्यक्रम न केवल पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक रहा, बल्कि समाज में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सकारात्मक संदेश देने का भी कार्य किया।
