बरौली पुलिस ने वाहन जांच के दौरान गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मुजौना गांव निवासी मुकुल साह को गिरफ्तार किया है। बिशुनपुरा बाजार के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 227 ग्राम गांजा, स्मैक, 111 पीस गांजा पीने वाले रोलिंग पेपर और एक चाकू बरामद किया।
इस कार्रवाई की जानकारी गोपालगंज के आरक्षी अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी तस्कर नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था और वह गांजा और स्मैक की खेप के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने तस्कर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने इस गिरफ्तारी को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के प्रयास में एक बड़ी सफलता माना है।
