मांझागढ़ (गोपालगंज): अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार ने शनिवार को मांझागढ़ थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन कर भूमि विवाद से जुड़े सात मामलों का निष्पादन किया। जनता दरबार में मांझागढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों द्वारा कुल सात भूमि विवाद मामलों का पंजीकरण कराया गया था।

बताया गया कि इन सभी मामलों की जांच संबंधित राजस्व कर्मचारी द्वारा पहले ही कर ली गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर अंचलाधिकारी ने दोनों पक्षों की उपस्थिति में सुनवाई करते हुए सभी सातों मामलों का निष्पादन कर दिया।

अंचलकर्मी श्यामदेव मांझी ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित और आपसी सहमति से समाधान करना है, ताकि लोगों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके।

इस मौके पर राजस्व कर्मचारी शशिभूषण सिंह, मांझागढ़ थाना के पुलिस अधिकारी तथा चालक दीपक सिंह सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।