मांझागढ़ (गोपालगंज): प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय शेख परसा स्थित सीआरसीसी में मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की एक अकादमिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करना तथा शिक्षकों को उनके अकादमिक स्वधर्म और दायित्वों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यशाला में संकुल समन्वयक मो. युनूस ने कक्षा संचालन को नियमित एवं प्रभावी बनाने, पाठ्यक्रम को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही आंतरिक मूल्यांकन, परीक्षा की तैयारी और शैक्षणिक परिणामों में सुधार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि शिक्षक का अकादमिक स्वधर्म ही शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ है। उन्होंने सभी शिक्षकों से विभागीय निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यशाला में संचालक सह प्रधानाध्यापक रंजीता आनंद सहित मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।