लार। चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें खपाने वाले गिरोह का लार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात सहजोर चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार युवक को रोका गया। बाइक की नंबर प्लेट संदिग्ध पाई गई। पूछताछ में युवक की पहचान बलिराम गुप्ता निवासी राउतपार अमेठिया थाना लार के रूप में हुई। जांच में बाइक चोरी की निकली।

कड़ाई से पूछताछ में बलिराम ने अपने दो साथियों अंश कुमार उर्फ आदित्य कुमार और अजय कुमार का नाम बताया। पुलिस ने दोनों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर दो और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।