देवरिया: सदर तहसील परिसर में जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में और पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत वीर की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 55 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवादों पर ध्यान देने की बात कही और कहा कि फसल कटाई के मौसम को देखते हुए विवादों से बचने के लिए सतर्कता बरती जाए। उन्होंने धारा 24 और 116 के अंतर्गत दर्ज मामलों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी विवादित भूमि पर पत्थर नश्फ की कार्रवाई हो चुकी है और कोई उसे हटाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पांडेयभिस्वा तप्पा इंदुपुर निवासी एक आवेदक की खतौनी सुधार का मामला भी मौके पर ही हल कर उसे तत्काल राहत दी गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की। प्राप्त प्रकरणों में 28 राजस्व, 14 पुलिस, 6 विकास, एवं 7 अन्य विभागों से जुड़े थे।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. राजेश झा, एसडीएम श्रुति शर्मा, सीओ संजय रेड्डी, जिला विकास अधिकारी रविशंकर राय, डीएसओ संजय पांडेय, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव, तहसीलदार केके मिश्रा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
