सलेमपुर। सेवा एवं वस्तु कर (जीएसटी) की एसआईबी टीम ने शनिवार को सोहनाग रोड स्थित एक मोबाइल फोन की दुकान पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि दुकानदार लंबे समय से जीएसटी की चोरी कर रहा है। शासन के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर ममता राठौर के नेतृत्व में गठित टीम दोपहर में सलेमपुर पहुंची और पहले से चिह्नित दुकान पर छापा मारा।

टीम ने दुकान में मौजूद बिल व अन्य दस्तावेजों की जांच की और संचालक से खरीद-बिक्री से संबंधित जानकारी हासिल की। बताया जाता है कि टीम कई दिनों से दुकान की रेकी कर रही थी।

विभागीय सूत्रों का कहना है कि दुकानदार वास्तविक बिक्री अधिक होने के बावजूद कम दिखाता था और नियमित कर का भुगतान भी नहीं करता था। शहर की कई दुकानें दिल्ली और अन्य जगहों से बिना कागज के मोबाइल एक्सेसरीज मंगा कर खपाती हैं।

डिप्टी कमिश्नर ममता राठौर ने बताया कि शिकायत थी कि दुकानदार द्वारा हर माह कर चोरी की जाती है। लाखों रुपये की खरीद-बिक्री होने के बावजूद शून्य दाखिल किया जा रहा था। पूरी जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *