देवरिया जिले में आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए किसानों का चयन अब ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने जानकारी दी कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुरक्षित होगी, जिससे पात्र कृषकों का निष्पक्ष चयन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत ₹10,000/- से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए ई-लाटरी का आयोजन 8 अगस्त 2025 को प्रातः 10 बजे गांधी सभागार, विकास भवन देवरिया में किया जाएगा।
यह चयन प्रक्रिया विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत की जाएगी, जिनमें “प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना”, “सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन”, “राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन”, “त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम” और “नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स” शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने उन सभी किसानों से अपील की है जिन्होंने पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, ताकि उन्हें ई-लाटरी प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिल सके और किसी तरह की तकनीकी समस्या या भ्रम से बचा जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह चयन पूर्णतः ऑनलाइन एवं निष्पक्ष रहेगा और किसानों को अनुदान का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ दिया जाएगा।
