देवरिया।
जिला उद्यान अधिकारी के अनुसार, जनपद के सभी विकास खंडों में पर ब्लॉक वन क्रॉप जागरूकता अभियान के तहत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकास खंड बैतालपुर, गौरी बाजार, रुद्रपुर और देसही देवरिया में सहायक उद्यान निरीक्षक सुशील शर्मा और प्रधान चौधरी गिरजा शंकर यादव ने किसानों को जागरूक किया।
बैतालपुर में हरा धनिया, गौरी बाजार में लहसुन, रुद्रपुर में हल्दी और देसही देवरिया में मिर्च की फसल का क्लस्टर तैयार करने पर जोर दिया गया। इन फसलों के विपणन की व्यवस्था जनपद, प्रदेश के बाहर और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एफपीओ/औद्यानिक समितियों के माध्यम से सुनिश्चित कराने की जानकारी दी गई।
सुशील शर्मा ने किसानों को अंतरराष्ट्रीय उत्पादन मानक, ऑर्गेनिक खेती, उत्पादन परीक्षण और निर्यात प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। जिला उद्यान अधिकारी ने चयनित फसलों की ग्रेडिंग, पैकिंग और उत्पादन तकनीक संबंधी सुझाव दिए तथा कृषि विज्ञान केंद्र मल्हना के वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन लेने के लिए संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए।
विकास खंड प्रभारियों ने अभियान में शामिल सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

