देवरिया। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराध व अपराधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भटनी पुलिस ने थाना खामापर में दर्ज मुकदमा संख्या 151/2025 से संबंधित वांछित अभियुक्त बीरगुन गुप्ता पुत्र चुमन गुप्ता निवासी धरहरा, थाना भोरे, जनपद गोपालगंज (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को 18 अगस्त 2025 को मुखबिर की सूचना पर केरवनिया पुल के पास से दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के खिलाफ धारा 137(2), 61(2), 65(1), 87 बीएनएस, 5L/6 एवं 11/12 पॉक्सो एक्ट तथा 66ई, 67बी आईटी एक्ट के तहत विधिक कार्यवाही की गई।
गौरतलब है कि 23 जुलाई 2025 को वादिनी ने थाना खामापर में तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग पुत्री एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ लापता हो गई है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 26 जुलाई 2025 को पीड़िता को बरामद कर लिया। विवेचना के दौरान अभियुक्त बीरगुन गुप्ता का नाम सामने आया। इसके बाद धाराओं की बढ़ोत्तरी कर विवेचना थाना भटनी को सौंपी गई और अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया।
आखिरकार भटनी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए वांछित अभियुक्त को धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
