विजयीपुर/गोपालगंज। आजादी के 79 साल बाद भी विजयीपुर प्रखंड के मॉड़र गांव के लोग सड़क सुविधा से वंचित हैं। मुख्य सड़क से मात्र 200 मीटर की दूरी के लिए ग्रामीणों को अब भी 3 किमी लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारें, मुखिया, विधायक और सांसद तो बदले, लेकिन सड़क की दशा आज भी नहीं बदली। वर्षों से शनिचरी बाजार की ओर जाने वाली सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील है।
ग्रामीण राम इकबाल तिवारी, रमज़ान, पिंटू कुशवाहा, सुनील गुप्ता और जगदीश श्रीवास्तव ने बताया कि बरसात में हालात और बिगड़ जाते हैं। बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो जाता है और मरीजों को अस्पताल ले जाना बड़ी चुनौती बन जाती है।
नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर सड़क नहीं बनी तो आने वाले विधानसभा चुनाव में “सड़क नहीं तो वोट नहीं” का नारा देते हुए चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
