गोपालगंज। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिला। इस घटना के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शहर के मौनिया चौक पर तेजस्वी यादव और राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मंच से पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। यह घटना उस समय हुई जब राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दरभंगा से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे थे। बीजेपी नेताओं ने इसे कांग्रेस और आरजेडी की “घृणित और शर्मनाक” राजनीति बताते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष की यह टिप्पणी उनकी हताशा को दर्शाती है और भारतीय संस्कृति का अपमान है।
