राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु थानाध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित
गोपालगंज, 3 सितंबर 2025।
आगामी 13 सितंबर को व्यवहार न्यायालय परिसर, गोपालगंज में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज व्यवहार न्यायालय के पुराने भवन के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री आनंद कुमार त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री अनूप कुमार उपाध्याय भी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के सभी थानों के थानाध्यक्षों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से अधिकांश उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए न्यायालयों एवं अन्य विभागों द्वारा चिन्हित वादों में तैयार नोटिसों को थानों के माध्यम से तामिला हेतु भेजा गया है।
अधिकारियों ने थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे सभी नोटिसों की अतिशीघ्र तामिला कराकर उनकी रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यालय में प्रस्तुत करें। इसके अलावा, आगामी लोक अदालत के बारे में आम जनता के बीच अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया गया।
