मांझा पंचायत भवन पर लगा राजस्व शिविर, जमाबंदी सुधार के लिए पहुंचे लोग

मांझागढ़/गोपालगंज, 4 सितंबर 2025।
सरकार द्वारा भूमि विवादों को समाप्त करने और जमाबंदी सुधार के उद्देश्य से चलाए जा रहे राजस्व महाअभियान के तहत मांझा पश्चिमी सरकार पंचायत भवन में राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मांझा पूर्वी और मांझा पश्चिमी पंचायत के जमाबंदी धारक बड़ी संख्या में पहुँचे और अपने-अपने जमाबंदी सुधार हेतु आवेदन जमा किए।

शिविर में उपस्थित अंचलाधिकारी मुन्ना कुमार एवं राजस्व कर्मचारी शशिभूषण सिंह ने ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि—

  • जमाबंदी सुधार के लिए खतियान और मालगुजारी रसीद अनिवार्य है।

  • जमाबंदी अलग कराने (आपसी बंटवारा) के लिए शेड्यूल, वंशावली और खतियान आवेदन के साथ लगाना होगा।

  • यदि किसी जमाबंदी धारक की मृत्यु हो गई है तो उत्तराधिकारी नाम जुड़वाने के लिए मृत्यु प्रमाण पत्र, वंशावली, खतियान, मालगुजारी रसीद एवं शपथ पत्र आवेदन के साथ देना होगा।

इस राजस्व शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुलझाना और भूमि विवादों को समाप्त करना है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें काफी सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *