खुखुंदू: महिला ने फंदे से लगाई जान, बेटियों की चीख-पुकार से गांव में मचा कोहराम
खुखुंदू (देवरिया), 5 सितंबर 2025।
क्षेत्र के नरंगा गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 35 वर्षीय महिला नंदनी पांडेय का शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
जानकारी के मुताबिक, नंदनी पांडेय तरकुलवा थाना क्षेत्र के रतनपुरा निवासी अशोक पांडेय की पत्नी थीं। अशोक पांडेय करीब डेढ़ दशक से नरंगा गांव में परिवार सहित रह रहे हैं। इन दिनों वे रोज़गार के सिलसिले में गुजरात में हैं। घर पर उनकी पत्नी नंदनी अपनी तीन बेटियों – पल्वी (14), लोली (10) और नायरा (5) – के साथ रहती थीं।
बुधवार दोपहर नंदनी ने कमरे में दुपट्टे से पंखे की कुंडी में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उस समय बड़ी बेटी पल्वी स्कूल गई हुई थी और दो छोटी बेटियां घर के बाहर खेल रही थीं। घर लौटने पर जब बच्चियों ने दरवाजा खटखटाया तो वह नहीं खुला। पीछे से झांककर देखने पर मां को फंदे से लटका देख वे जोर-जोर से रोने लगीं।
बच्चियों की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि नंदनी ने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
