गोपालगंज। भोरे प्रखंड स्थित एक मैरेज हॉल में भाकपा माले द्वारा विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए।

सभा को संबोधित करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा मौजूद रहे।

दीपांकर भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि “लोकतंत्र के सामने सबसे बड़ा खतरा वोट की चोरी है। केंद्र की सरकार जनादेश को अपने पक्ष में करने के लिए धांधली कर रही है, लेकिन इसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।” उन्होंने रोजगार और शिक्षा को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “युवाओं को नौकरी का इंतजार है, जबकि शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। हमें इन सवालों पर संघर्ष को और धारदार बनाना होगा।”

पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा ने कहा कि पूंजीपतियों के हित में बनाई जा रही नीतियों ने किसानों, मजदूरों और आम वर्ग को हाशिये पर धकेल दिया है। माले गरीब, मजदूर, किसान और दलित-शोषित वर्ग की आवाज बनकर संघर्ष को आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर हर समस्या पर मजबूती से खड़े रहें। वहीं, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने भी एकजुट होकर आगामी चुनावों में भाजपा और उसके सहयोगियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *