गोपालगंज। जिला परिवहन विभाग में ईएसआई पद पर कार्यरत महिला पुलिस कर्मी को ओवरलोड ट्रक का चालान करने के बाद जान से मारने और फर्जी मामले में फंसाने की धमकी मिली है। आरोप है कि ट्रक मालिक और उससे जुड़े लोगों ने अलग-अलग तीन नंबर से फोन कर धमकाया और पैसों की भी डिमांड की।
पीड़ित ईएसआई गीता कुमारी ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, 1 सितंबर को परिवहन विभाग की टीम ने यूपी बॉर्डर पर राजस्थान नंबर की एक ट्रक को रोका। जांच में पाया गया कि ट्रक में टाइल्स लदे थे और वह ओवरलोड था। वजन कराने पर ट्रक 58 टन का निकला, जिसके बाद गीता कुमारी ने 38,500 रुपये का चालान किया।
इसी दौरान ट्रक ड्राइवर और उसके सहयोगियों ने बिना वजन कराए ही चालान करने का दबाव बनाया। गीता कुमारी ने बताया कि चालान के बाद उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आने लगे। कॉल करने वाले आरोपियों ने कहा कि चालान गलत तरीके से किया गया है और उन पर पैसे लेने व ड्राइवर से मारपीट करने का झूठा आरोप लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्हें सड़क पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
नगर थाना प्रभारी परवीन कुमार ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

