गोपालगंज। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवां मोड़ के पास सिसवा जलालपुर रोड पर पुलिस और शराब तस्करों के बीच शुक्रवार देर रात मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से दो राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस की गोली से एक तस्कर जख्मी हो गया, जबकि दो अन्य मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस ने कार्रवाई में शराब लदी स्कॉर्पियो, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए। घायल तस्कर की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव निवासी सद्दाम हुसैन (23 वर्ष, पिता मंसूर आलम) के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्कॉर्पियो से शराब तस्करी की जा रही है। सूचना पर गठित टीम ने पीछा किया। इसी दौरान भठवां मोड़ के पास तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे सद्दाम हुसैन घायल हो गया।
फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
