मांझागढ़ (गोपालगंज)। प्रखंड क्षेत्र में दो नवसिर्जित उप स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक इब्राहिम और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

जंगरनाथा पंचायत भवन में स्थापित उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन पंचायत की मुखिया अनिता देवी और डॉ. तारिक इब्राहिम ने फीता काटकर किया। इसके शुरू होने से ग्रामीणों को अब छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और दवाइयों के लिए मांझा या गोपालगंज की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। यहां मुफ्त दवा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसी प्रकार, दियारा क्षेत्र के निमुइया पंचायत भवन में भी नवसिर्जित उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और पंचायत मुखिया विनोद सहनी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर स्थानीय वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, आंगनबाड़ी सेविकाएं, स्वास्थ्य समिति प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार, बीएमसी नवीन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब दियारा क्षेत्र के ग्रामीणों को 9 किलोमीटर दूर मांझा नहीं जाना पड़ेगा। छोटी-मोटी बीमारियों का इलाज और दवाइयां अब गांव में ही उपलब्ध होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *